राशि के अनुसार जानिए, स्त्री का स्वभाव और व्यक्तित्व

Indian Astrology | 17-Mar-2020

Views: 7287
Latest-news

स्त्री के बिना इस संसार की कल्पना नहीं की जा सकती। स्त्री पुरुषों के लिए भी उतनी ही ख़ास है जितनी कि वो ख़ुद के लिए है। मां, बहन, पत्नी, प्रेमिका, दोस्त और न जाने किस-किस रूप में और क्या-क्या बनकर वह पुरुषों का साथ देती है। उनका ख़्याल रखती है। उन्हें प्रेरित करती है। पुरुष ख़ुद को स्त्री के बिना उसी तरह अधूरा महसूस करता है जिस तरह स्त्री खुद को पुरुष के बिना अधूरा महसूस करती है। पुरुष और स्त्री एक दूसरे से स्नेह चाहते हैं। एक दूसरे को समझना चाहते हैं। अपने संवेदनशील व्यक्तित्व के कारण स्त्रियों में लोगों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है।

हर स्त्री का स्वभाव अलग-अलग होता है। पुरुष अक्सर उनके स्वभाव को समझ नहीं पाते। उनसे जब भी औरतों को लेकर प्रश्न किया जाता है तो कहते हैं कि औरत को समझना बहुत मुश्किल है! हम यहां आपकी यही मुश्किल आसान करने वाले हैं। ज्योतिष में प्रत्येक राशि की स्त्रियों के कुछ गुण बताए गए हैं। तो आइए, राशि के अनुसार जानते हैं स्त्रियों का स्वभाव और व्यक्तित्व...

मेष राशि की स्त्री

मेष राशि की स्त्रियों में गजब का सामर्थ्य होता है। ये मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना जानती हैं। इन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पसंद नहीं है। ये अपनी हर समस्या को आत्मनिर्भरता से सुलझाना चाहती हैं। ये अपने जीवन के अहम फ़ैसले ख़ुद लेना पसंद करती हैं। उनमें वे पुरुषों का अनावश्यक हस्तक्षेप पसंद नहीं करतीं। इन्हें ऐसा जीवन साथी चाहिए होता है जो इन्हें यक़ीन दिलाए कि वह ज़िंदगी भर उनका साथ देगा। ऐसी महिलाएं अपने प्रेमी या पति से अपेक्षा करती हैं कि ख़ुद के साथ-साथ वह उनकी बात को भी अहमियत दे। उसकी सोच की कद्र करे और उसके अनुसार चले।

घर के महत्वपूर्ण फैसले ये खुद ही लेती हैं। घर को अच्छे से चलाना इन्हें पसंद होता है। प्राय: धन के नए स्रोत खोजने में ये लगी रहती हैं। इनमें बहुत अधिक जोश, साहस और उत्साह होता है। कुछ कर दिख़ाने की ललक होती है। इनकी यह ख़ूबी इन्हें कठिन परिस्थियों में भी सकारात्मक बनाए रखती है। ये महिलाएं सुरक्षा, खेल, पत्रकारिता और मार्केटिंग के क्षेत्र में बहुत बढ़िया कार्य करती हैं।

वृष राशि की स्त्री

वृष राशि की महिला की शख़्सियत कुछ ऐसी होती है कि वे भीड़ में भी सबसे अलग नज़र आती है। इनके प्रभावी व्यवहार, गजब के आत्मविश्वास और भरोसेमंद व्यक्तित्व के कारण लोग सहज ही इनकी ओर आकर्षित हो जाते हैं। सभी राशियों में वृषभ राशि की महिला को सबसे ईमानदार जीवन संगिनी माना जाता है। यदि ये किसी भी शख़्स से प्रेम करती हैं तो उसके प्रति पूरी तरह ईमानदार रहती हैं। हर मुश्किल परिस्थिति में उसका साथ देती हैं। इसके अलावा ये अपने रचनात्मक कौशल के लिए भी जानी जाती हैं।

ये हर चीज़ को कलात्मक नज़रिए से देख़ती हैं। इसलिए ये चित्रकार, संगीतकार, गायिका, कोरियोग्राफ़र (Choreographer) या लेखिका बन सकती हैं। अपने तकनीकी कौशल के कारण ये वेब डेवलेपमेंट (Web Development) के क्षेत्र में भी अपना करियर बना सकती हैं।

मिथुन राशि की स्त्री

मिथुन राशि की स्त्रियां बेहद बुद्धिमान होती हैं इसलिए इन्हें हर क्षेत्र का ज्ञान होता है। ये बेहद मिलनसार और ख़ुशमिज़ाज होती हैं। इन्हें नए-नए लोगों से मिलना और नई-नई चीज़ें सीखना पसंद होता है। रोमांच के मामले में ये पुरुषों को भी पीछे छोड़ देती हैं। जोखिम भरे काम करना इन्हें बेहद पसंद होता है। इन्हें अपने काम में नयापन पसंद है। इसलिए ये ऐसे क्षेत्र में काम करना पसंद करती हैं जहां उन्हें नई-नई चुनौतियों का सामना करना पड़े। एक ही तरह के काम से ये बहुत जल्दी बोर हो जाती हैं। ये महिलाएं रचनात्मक और अच्छी वक्ता होती हैं। इसलिए मार्केटिंग, वेब डिज़ाइनिंग, ग्राफ़िक डिज़ाइनिंग, एनिमेशन और टेली कम्युनिकेशन या इससे जुड़े क्षेत्रों में अच्छा काम कर सकती हैं। प्यार के मामले में ये ऐसा जीवन साथी चाहती हैं जो इन्हें सहारा दे।

दोहरे स्वभाव के कारण मिथुन राशि की महिलाओं का मन चलायमान होता है। इसलिए अगर आप इस राशि की स्त्री से विवाह करने जा रहे हैं तो समझ लीजिए कि आप एक नहीं बल्कि एक साथ दो स्त्री से विवाह करने जा रहे हैं। ये स्वभाव से थोड़ी चंचल ज़रूर होती हैं लेकिन इनका दिमाग निरंतर काम करता रहता है। इनके सोचने की शक्ति बहुत अच्छी होती है।

कर्क राशि की स्त्री

कर्क राशि की महिलाओं को नौकरी और प्यार दोनों में स्थायित्व चाहिए होता है। इसलिए ये आत्मविश्वासी व्यक्तित्व की ओर आकर्षित होती हैं। ऊपर से दिखने में ये महिलाएं कठोर लग सकती हैं लेकिन अंदर से वे बेहद नर्म स्वभाव की होती हैं। बेहद भावुक होने के कारण ये अपने दिल की सुनती हैं। ये महिलाएं जल्दी किसी के प्यार में नहीं पड़तीं। लेकिन अगर किसी से प्यार हो जाए तो उसके प्रति पूरी तरह समर्पित हो जाती हैं।

अपने नर्म, भावुक और दयालु स्वभाव के कारण ये महिलाएं अच्छी डॉक्टर, नर्स, मनोवैज्ञानिक, आहार विज्ञ (nutritionists), लाइब्रेरियन (Librarian) और एअर होस्टेस (air hostesses) बन सकती हैं। इसके अलावा अपने रचनात्मक कौशल के कारण ये महिलाएं कलात्मक क्षेत्र में भी बढ़िया प्रदर्शन करती हैं।

सिंह राशि की स्त्री

सिंह राशि की महिलाओं में नेतृत्व की अच्छी क्षमता होती है। इनके आकर्षक व्यक्तित्व के कारण लोग इनकी ओर सहज ही खिंचे चले आते हैं। इनके बहुत अधिक मित्र होते हैं। ये महिलाएं अपने जीवन में बेहद कामयाब होती हैं। ये आर्थिक रूप से संपन्न और बेहद लोकप्रिय होती हैं। अपने हुनर से ये बहुत अधिक पैसा कमाती हैं। इसलिए परिवार को आर्थिक मदद दे पाती हैं। इनसे शादी करने वाला व्यक्ति कभी घाटे में नहीं रहता क्योंकि आत्मनिर्भर होने के कारण ये वित्तीय सहायता देने के साथ-साथ घर को मैनेज करना भी अच्छी तरह जानती हैं। फ़ैशन और स्टाइल इनके जीवन का अहम हिस्सा होता है। हालांकि ये स्टाइलिश लोगों की ओर आकर्षित होती हैं लेकिन अपने जीवन साथी से ये प्यार ओर आदर चाहती हैं। ये पति की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करतीं। इसलिए अगर आप इनसे शादी करना चाहते हैं तो खुद के साथ-साथ इनकी सोच को भी महत्व दें। उनकी बात सुनें और उनके सुझावों पर गौर करें।

ख़ूबसूरत, आकर्षक और फ़ैशन की समझ होने के कारण ये ग्लैमर और फ़ैशन की दुनिया में कमाल करती हैं। ये मॉडलिंग, फ़िल्म इंडस्ट्री, फैशन डिज़ाइनिंग या ब्यूटी एक्सपर्ट के तौर पर अपना करियर बना सकती हैं। इसके अलावा ये ख़ुद का बिजनेस चलाने की भी क्षमता रखती हैं।

कन्या राशि की स्त्री

कन्या राशि की स्त्रियां आसानी से किसी पर विश्वास नहीं करतीं। आप इनसे अपनी हर बात नहीं मनवा सकते। ये शांति से अपने जीवन साथी को परखती हैं। उसके बाद ही कोई कदम आगे बढ़ाती हैं। अगर जिज्ञासा हो तो ये बेझिझक प्रश्न भी कर लेती हैं। प्यार में जल्दबाज़ी इन्हें पसंद नहीं होती लेकिन अगर इन्हें किसी से प्यार हो जाए तो उसके प्रति पूरी तरह समर्पित हो जाती हैं। इनका मकसद अपने जीवन साथी को बहुत अधिक प्यार देना और उसकी ख़ुशियों का ख़्याल रखना होता है। लेकिन ये रिश्ते में ईमानदारी पसंद करती हैं। अगर रिश्ते में सम्मान और प्यार न मिले तो ये उसे तोड़ना ही पसंद करती हैं। बेहद संवेदनशील और वफ़ादार होने के कारण आप इनके साथ अपनी कोई भी बात शेयर कर सकते हैं। ये लोगों के राज़ छिपाकर रखना अच्छी तरह जानती हैं।

ये बुद्धिमान होती हैं और इनमें विश्लेषण करने की अच्छी क्षमता होती है। इसलिए ये अच्छी अध्यापिका, संपादक, प्रोफ़ेसर, विश्लेषक (analyser), मेंनटेनेंस एक्ज़ीक्यूटिव (maintanence executive) बन सकती हैं।

तुला राशि की स्त्री

तुला राशि में जन्मी महिलाएं बहुत बुद्धिमान और प्रभावशाली व्यक्तित्व की होती हैं। इनका मन बहुत साफ़ होता है इसलिए ये हर किसी से प्यार से पेश आती हैं। ये दिखने में बेहद ख़ूबसूरत होती हैं। इनके ज्ञान और सुंदरता से प्रभावित होकर लोग सहज ही इनकी ओर आकर्षित हो जाते हैं। इसलिए ये जिसे पसंद करती हैं उसे पा भी लेती हैं। ये अच्छी जीवन संगिनी साबित होती हैं। ये अपने जीवन साथी का बहुत ख़्याल रखती हैं। ये संवेदनशील, न्याय प्रिय और मददगार होती हैं। इसलिए किसी के साथ अन्याय होते देख ये बर्दाश्त नहीं करतीं। जितना संभव हो सके ये उस व्यक्ति की मदद करने की पूरी कोशिश करती हैं। दूसरों के झगड़ों को ये अक्सर आसानी से सुलझा भी लेती हैं।

न्याय प्रिय होने के कारण ये वकालत का पेशा चुन सकती हैं। इसके अलावा ये अभिनय, मॉडलिंग, गीत लेखन (Song Writing), फैशन डिज़ाइनिंग (Fashion Designing) और इंटीरियर डिजाइनिंग (Interior Designing) जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में भी काम कर सकती हैं।

वृश्चिक राशि की स्त्री

वृश्चिक राशि की महिलाएं महत्वाकांक्षी और जिद्दी स्वभाव की होती हैं। एक बार जो ठान लें उसे हासिल करके ही रहती हैं। ये अपने फ़ैसले ख़ुद लेना पसंद करती हैं। अपने निर्णयों में इन्हें किसी का हस्तक्षेप पसंद नहीं होता। इस राशि की महिलाओं में काम करने की अच्छी क्षमता होती है। इनकी मेहनत उच्च अधिकारियों को दिख़ती भी है जिसके कारण ये बहुत ही जल्दी उच्च पद प्राप्त भी कर लेती हैं।

हालांकि, ऊपर से ये जिद्दी ज़रूर होती हैं लेकिन अंदर से बेहद नर्म होती हैं। ये अपनी ज़िंदगी में प्यार चाहती हैं। ये ऐसा जीवन साथी चाहती हैं जो ज़िंदगी भर इनका साथ निभाए। ये चाहती हैं कि वह इनकी बात को तवज्जो दे और रिश्ते की बागडोर इनके हाथ में दे। इनमें कारुणा, दया और सेवा की भावना होती है। बेहद महत्वाकांक्षी होने के कारण ये हर क्षेत्र में बढ़िया प्रदर्शन करती हैं। ये मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक और कांउसलर के तौर पर अपना काम कर सकती हैं।

धनु राशि की स्त्री

धनु राशि की महिलाएं सहज, चंचल और ख़ुशमिज़ाज होती हैं इसलिए आसानी से लोग इनकी ओर आकर्षत हो जाते हैं। ये नर्म दिल और दूसरों का ख़्याल रखने वाली होती हैं। हालांकि इनके दिल में किसी न किसी पुरुष के प्रति प्यार होता है लेकिन ये उस प्यार को जाहिर नहीं कर पातीं। अगर कोई पुरुष पहल कर इनसे प्यार का इज़हार करता है तो बहुत जल्दी मान भी जाती हैं। शादी के बाद भी यह सिलसिला बना रहता है। ये भले ही अपने प्यार का दिखावा न कर पाएं लेकिन अपने जीवनसाथी से ये बेहद प्रेम करती हैं।

ये बेहद आज़ाद ख़यालात की होती हैं। इन्हें बंधन में रहना पसंद नहीं होता। अपने लक्ष्य को पाना इनकी पहली प्राथमिकता होती है। अपने लक्ष्य को पाने में ये अपने जीवन साथी का भी साथ चाहती हैं। इस राशि की महिलाएं अच्छी शिक्षिका, गाइड और मेंटर बन सकती हैं। इसके अलावा इन्हें लिखने का भी शौक़ होता है। इसलिए ये लेखन के क्षेत्र में भी अपना करियर बना सकती हैं।

मकर राशि की स्त्री

मकर राशि की महिलाओं की सबसे बड़ी ख़ासियत उनकी सहनशीलता होती है। ये बुरे से बुरे हालात में भी अपनी हिम्मत टूटने नहीं देतीं। ये अपनी हर ज़िम्मेदारी बख़ूबी निभाती हैं। हालांकि अपने प्रिय जनों के प्रति ये अपने प्रेम का इज़हार नहीं करतीं। लेकिन अपने परिवार से ये बेहद प्रेम करती हैं। अपने परिवार के लिए ये कुछ भी कर गुज़रने का दम खम रखती हैं। इस राशि की महिलाएं प्रतिभा की धनी होती हैं। ये बेहद महत्वाकांक्षी, जिद्दी और स्वतंत्र होती हैं। अपने कार्यक्षेत्र में ये बेहद बढ़िया प्रदर्शन करती हैं। स्वाभिमानी होने के कारण ये अपने निर्णय पर अडिग रहती हैं। कोई भी लालच देकर आप इनके निर्णय को बदल नहीं सकते। जो भी ऐसा करने की कोशिश करता है उससे ये सारे रिश्ते तोड़ देती हैं।

मकर राशि की स्त्रियों में नेतृत्व की अच्छी क्षमता होती है इसलिए ये मैनेजमेंट (Management) और प्रशासन के क्षेत्र में बहुत बढ़िया काम करती हैं। ये बोलने से ज़्यादा करने में विश्वास करती हैं। अपनी प्रतिभा का दम खम ये अपने काम से ही दिखाती हैं।

कुंभ राशि की स्त्री

कुंभ राशि की महिलाएं बेहद आज़ाद ख़यालात की होती हैं। ये अपने फ़ैसले ख़ुद लेना चाहती हैं। इन्हें बिना वजह अपने निर्णयों में दूसरों का हस्तक्षेप पसंद नहीं होता। हालांकि इनके बहुत सारे मित्र होते हैं लेकिन ये हर किसी से अपने दिल की बात साझा नहीं करतीं। ये अपने करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों के सामने ही अपने राज़ बयां करती हैं। ये दिखने में बेहद आकर्षक होती हैं। ये बेहद मिलनसार और ख़ुशमिज़ाज होती हैं। इनके बात करने का अंदाज़ किसी को भी इनके साथ सहज कर देता है। अपने इस व्यवहार के चलते आसानी से लोग इनसे प्रभावित हो जाते हैं।

कुंभ राशि की महिलाएं बेहद मज़बूत होती हैं। मुश्किल से मुश्किल हालात का सामना ये अकेले कर सकती हैं। हालांकि इनको अपने विचारों पर गर्व होता है लेकिन अपनी सोच को ये किसी पर थोपती नहीं हैं। दूसरों की मदद करने के लिए ये हमेशा तैयार रहती हैं। फोटोग्राफ़ी, राजनीति और शोध के क्षेत्र में ये अच्छा काम कर सकती हैं। इसके अलावा इन्हें जोखिम भरे काम करना भी बेहद पसंद होता है।

मीन राशि की स्त्री

मीन राशि की महिलाओं की ख़ासियत होती है कि वे दार्शनिक, आध्यात्मिक और भावुक होने के साथ-साथ आधुनिक, रूमानी और गतिशील भी होती हैं। इस राशि की महिलाओं के दोस्त तो बहुत होते हैं लेकिन ये हर किसी पर भरोसा नहीं करतीं। हालांकि ये अपने दोस्तों से बातें तो बहुत करती हैं लेकिन अपनी व्यक्तिगत ज़िंदगी को दूसरों के सामने आने नहीं देतीं। इन्हें एक ऐसे जीवनसाथी की चाहत होती है जो पूरी ईमानदारी से रिश्ता निभाए। जितना सम्मान और प्रेम ये अपने जीवनसाथी को देती हैं उतने ही आदर और प्यार कि अपेक्षा ये अपने जीवनसाथी से भी करती हैं।

इनकी कल्पनाशीलता का दायरा बहुत विस्तृत होता है। अपनी इस ख़ूबी के कारण ये फिल्म-मेकिंग (Film Making), डॉक्यूमेंट्री प्रॉडक्शन (Documentary Production) और कला के अन्य क्षेत्रों में बहुत बढ़िया प्रदर्शन कर सकती हैं। ये अच्छी स्केच आर्टिस्ट (Sketch Artist) और कुक भी होती हैं।

राशिनुसार अपना भविष्य जानने के लिए हमारे अनुभवी ज्योतिषाचार्यों से परामर्श लें और अपनी किसी भी समस्या का सटीक समाधान प्राप्त करें।